प्रेमनगर में शुक्रवार को एक बड़ा अग्निकांड होने से बच गया। 14 हजार लीटर पेट्रोल लेकर जा रहे टैंकर के एक केबिन में आग लग गई। पहले चालक ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड और ओएनजीसी की फायर टीम ने आग पर काबू पाया। आग को टैंकर तक पहुंचने से पहले ही बुझा लिया गया। इससे वहां पर बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं, टैंकर में आग लगती देख राहगीरों में अफरा-तफरी भी मच गई। साथ ही ट्रैफिक भी रोक दिया गया।
घटना शुक्रवार शाम करीब तीन बजे की है। एक पेट्रोल टैंकर प्रेमनगर से झाझरा की तरफ जा रहा था। इसी बीच टैंकर के केबिन से धुआं निकलना शुरू हो गया। यह देखकर टैंकर चालक केबिन से कूद गया और आग बुझाने वाले छोटे यंत्र से फोम का छिड़काव करने लगा। लेकिन, आग ने केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

