सीमा सड़क संगठन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से हनुमान चट्टी से कंचन गंगा के बीच हाईवे चौड़ीकरण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जगह-जगह हिल कटिंग और डामर बिछाने का काम हो रहा है। बुधवार को हनुमान चट्टी के पास ग्लेशियर प्वाइंट पर एक कमजोर चट्टान को तोड़ा जा रहा था, इस दौरान अचानक चट्टान का बड़ा हिस्सा टूट गया। मजदूरों ने रातभर बोल्डरों का हटाने का काम किया, लेकिन हाईवे को नहीं खोला जा सका।इससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बृहस्पतिवार को दिनभर बोल्डरों को हटाने का काम जारी रहा, लेकिन हाईवे नहीं खुल पाया। हाईवे बंद होने से बदरीनाथ धाम की यात्रा की तैयारियाें पर भी विपरीत असर पड़ा है।

