मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है। मुख्यमंत्री अवस्थापना विकास से जुड़ी इन सभी योजनाओं के प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार ने अनुरोध किया था। इस संबंध में उन्होंने पत्र भी लिखा था। सीएम ने कहा, केंद्र सरकार द्वारा जारी धनराशि से राज्य के अवस्थापना विकास को मजबूती मिली। केंद्र सरकार ने राज्य में कैम्पटी फॉल में टनल पार्किंग, हरबर्टपुर में आईएसबीटी, किच्छा में बस स्टैंड, देहरादून शहर में सौंग बांध परियोजना और हल्द्वानी में सीवरेज स्कीम समेत 33 विकास योजनाओं के लिए 559 करोड़ रुपये जारी किए हैं। देहरादून के चमन विहार में सीवरेज स्कीम के लिए पांच करोड़, हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल आपूर्ति के लिए 10 करोड़, हल्द्वानी-काठगोदाम की दो सीवरेज स्कीमों के लिए 10 करोड़, सभी जिलों में पुलिस फोर्स के लिए प्रोक्योरमेंट के लिए 20 करोड़, यूएसनगर, हरिद्वार और देहरादून में पुलिस कर्मचारियों के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 25 करोड़, देहरादून में टाइप तीन के 36 आवास का निर्माण सात करोड़, सभी जिलों में राजस्व पुलिस के साजो सामान के लिए पांच करोड़,हरिद्वार मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य अवसंरचना के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है।

