लोकसभा की पांच सीटों पर भाजपा जल्द प्रत्याशी घोषित कर सकती है। पार्टी ने हर लोकसभा सीट के लिए दो पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी है। पर्यवेक्षक टिकट के दावेदारों से संपर्क साधेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रदेश संसदीय बोर्ड को देंगे।पार्टी प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक 26 फरवरी को तय कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है।संभावना जताई जा रही कि उत्तराखंड में पहले चरण में लोकसभा की पांचों सीटों पर मतदान हो जाएगा। इस लिहाज से राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने में बहुत ज्यादा समय शेष नहीं बचा है। माना जा रहा कि मार्च के दूसरे हफ्ते में चुनाव आयोग कभी भी चुनाव आचार संहिता की अधिसूचना जारी कर सकता है।

