Har Ki Pauri is a famous ghat on the banks of the Ganges in Haridwar, India
मकर संक्रांति स्नान रविवार से शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड समेत आसपास के गंगा घाटों पर पुण्य की डुबकी लगायी। गंगा मैया का दुग्धाभिषेक और दीपदान के साथ ही जरूरतमंदों को यथा सामर्थ्य कंबल, वस्त्र, अनाज आदि देकर पुण्य कमाया।मंदिरों में दर्शन को भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ दिखी। स्नान को लेकर प्रशासन की ओर से शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस के अनुसार शाम पांच बजे तक सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर लिया था। स्नान पर्व को देखते हुए सोमवार को भी हरिद्वार शहरी क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।मकर संक्रांति पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उप्र आदि स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पहुंचकर आस्था की डुबकी लगायी। हाड़ कंपाने वाली ठंड के बावजूद हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। दोपहर में सूर्यदेव ने दर्शन दिए तो गंगा घाटों की रौनक और निखर गई।
हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, नाई सोता, सुभाष घाट, वीआइपी घाट समेत अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। चहुंओर ‘हर-हर गंगे’ व ‘जय मां गंगे’ के जयकारे लगते रहे। श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य चढ़ाकर पितरों के निमित्त कर्मकांड के साथ दान भी किया।एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह आदि ने हरकी पैड़ी समेत अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि साल का पहला स्नान यानी मकर संक्राति पर्व रविवार से शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र को सात जोन और 17 सेक्टर में बांटकर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।

