Closeup of remains of woman lying in morgue
ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र के होटल राज रिजॉर्ट के कमरे में एसी के तार से विदेशी महिला का शव लटका मिला है। बताया जा रहा है कि मेडिटेशन के लिए विदेशी पर्यटकों का ग्रुप ऋषिकेश आया हुआ था। महिला बीते तीन जनवरी को अपने ग्रुप से अलग हो गई थी। पुलिस ने दूतावास के माध्यम से परिजनों को घटना से सूचित कर दिया है। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मान कर जांच कर रही है।शुक्रवार को किर्गिस्तान गणराज्य निवासी एन्यूरा एब्येशेवा ने सत्य साधना संस्थान तपोवन की महिला नव्या के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को सूचना दी। इसमें बताया कि उनके साथ की एसुल्लयू करमानालिवा (32) ने बीते तीन जनवरी को होटल हॉलिडे होम में चेक इन किया। उसके बाद अपना सामान रखा और बाहर चली गई। फिर वापस नहीं लौटी और उसका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। तब से ये लोग उसकी तलाश कर रहे हैं।उधर, राज रिजॉर्ट प्रबंधन ने भी शुक्रवार को सूचना दी कि उनके होटल में एक विदेशी महिला का शव लटका है। सूचना पर थाना मुनिकीरेती के एसएसआई योगेश पांडेय, चौकी प्रभारी तपोवन दीपिका तिवारी मौके पर पहुंचे। तार से लटके महिला के शव की पहचान लापता एसुल्लयू करमानालिवा के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि दूतावास के माध्यम से महिला के परिजनों को सूचना भेजी जा रही है।

