उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने जिंदगी को अस्त व्यस्त कर दिया है। आने वाले दो दिनों में उत्तराखंड के मैदानी भाग में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह एवं शाम को कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।आज यानी रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। शनिवार दोपहर बाद बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों और केदारनाथ धाम में हिमपात होने से समूचा क्षेत्र कड़ाके की शीतलहर की चपेट में है। देहरादून और आसपास के क्षेत्र में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। इस दौरान देहरादून का अधिकतम तपमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 23.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, रविवार को तीन पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।। मैदानी जनपद ऊधम सिंह नगर व हरिद्वार में घने कोहरे के यलो अलर्ट जारी किया गया है। एक जनवरी से आगे तीन दिनों तक कोहरा का प्रकोप और गहरा सकता है। घने कोहरे का असर ट्रेनों व हवाई सेवाओं पर भी पड़ने की संभावना है।

