प्रदेश के होमगार्डों को कंप्यूटर के संचालन और अंग्रेजी बोलने में दक्ष बनाने के लिए एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कमांडेंट जनरल होमगार्ड आईजी केवल खुराना ने सभी जिलों के जिला कमांडेंट को प्रशिक्षण दिलाने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।साथ ही इच्छुक होमगार्डों से आवेदन मांगने के निर्देश भी दिए गए हैं। कमांडेंट जनरल होमगार्ड आईजी केवल खुराना की ओर से सूबे के होमगार्डों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के अलावा अब उन्हें कंप्यूटर व अंग्रेजी में भी दक्ष बनाने की पहल शुरू की गई है। दरअसल, पिछले दिनों चारधाम यात्रा के दौरान सभी जिलों में होमगार्ड हेल्प डेस्क बनाई गई थी।इसके अलावा कंप्यूटर की अधिक जानकारी नहीं होने पर होमगार्डों को सरकारी काम करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसी परेशानियों का सामना दोबारा न करना पड़े, इसके लिए प्रदेश में पहली बार होमगार्डों को अंग्रेजी भाषा और कंप्यूटर सिखाने के लिए एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंप्यूटर सीखने के लिए होमगार्डों की जिला मुख्यालय में एक घंटे की क्लास होगी।आईजी केवल खुराना ने दो दिन पहले सभी जिला कमांडेंट को इच्छुक होमगार्डों से 30 दिसंबर से आवेदन मांगने के निर्देश दिए हैं।

