उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम के करवट लेने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में बर्फबारी के साथ इस वर्ष की विदाई हो सकती है। आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, शनिवार और रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक से लेकर मध्यम बादल छाये रह सकते हैं। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात के आसार हैं। आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।मौसम विभाग की मानें तो हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने के आसार हैं। बुधवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। देहरादून और मसूरी में चटख धूप खिली रही। हालांकि सुबह एवं शाम के समय कड़ाके की ठंड बेहाल कर रही है।

