चंडी देवी मंदिर के जंगल में महिला की हत्या से जुड़े ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया। महिला बागपत की निवासी थी और प्रेमी से शादी करने के लिए वह मुस्लिम से हिंदू बनी थी। बेवफाई से आहत होकर बदांयू निवासी प्रेमी ने ही उसकी हत्या की थी।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बीते नौ नवंबर को चंडीदेवी रोपवे मार्ग से कुछ दूरी पहले पैदल मार्ग से सटे जंगल में एक महिला का शव बरामद हुआ था। शुरूआती पड़ताल में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई थी। 72 घंटे के भीतर शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कराया था।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आने पर चौकी प्रभारी अशोक रावत की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ सिटी जूही मनराल के नेतृत्व में श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने टीमों को साथ लेकर महिला की शिनाख्त और हत्यारोपित की तलाश में पूरी ताकत लगा दी।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि रोशनाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किए महिला के प्रेमी अजय निवासी सुंदरपुर बदायूं उत्तर प्रदेश की मुलाकात सात साल पहले अफसाना बानो निवासी गडरिया, हरिया खेड़ी बागपत उत्तर प्रदेश से हुई थी।दोस्ती के बाद प्यार होने पर अजय उसे अपने गांव सुंदरपुर, बदायूं ले गया। जहां पर दोनों ने शादी कर ली और अफसाना बानो ने अपना नाम बदलकर पूजा रख लिया। कुछ दिन बाद अफसाना उर्फ पूजा अपना कोई रिश्तेदार झारखंड में बता कर बहाने से चली गई। दोनों का संपर्क टूटने पर अजय वापस हरिद्वार आकर मजदूरी करने लगा। साथियों ने उसे बताया कि पूजा किसी दूसरे लड़के के साथ रह रही है। उसने अफसाना उर्फ पूजा को ढूंढ निकाला और दोनों साथ रहने लगे।कुछ दिन बाद वह फिर से अजय को छोड़कर चली गई। तब अजय ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और आठ नवंबर को चंडी मंदिर के जंगल में ले गया। चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। कान्फ्रेंस में एसपी क्राइम अजय गणपति, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

