उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राजधानी हाई अलर्ट पर थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। इसी बीच बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने वीआईपी राजपुर रोड पर पुलिस मुख्यालय और सचिवालय के पास रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती को अंजाम दे डाला। चार बदमाश शोरूम के अंदर घुसे और एक बाहर खड़ा हो गया। बदमाशों ने शोरूम में गार्ड समेत 11 कर्मचारियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया और करीब 20 करोड़ से भी ज्यादा के सोने चांदी के जेवरात लूट लिए।बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10.20 बजे कर्मचारियों ने शोरूम खोला था। कर्मचारी वहां काउंटर पर जेवरात सजा रहे थे। कुछ देर बाद करीब 10.25 बजे चार युवक अंदर घुसे। कर्मचारियों को लगा कि ये ग्राहक होंगे और उन्होंने हाथ जोड़कर उन्हें नमस्कार किया।गार्ड हयात सिंह गेट के पास काउंटर पर रजिस्टर में कुछ काम कर रहा था। इसी बीच एक युवक ने हयात सिंह की कनपटी से पिस्तौल सटा दी और दूसरे ने कर्मचारियों को पिस्तौल दिखाकर चुप रहने को कहा। इसके बाद दो बदमाशों ने तीन महिला कर्मचारियों को छोड़कर सभी के प्लास्टिक केबल टाइ (बांधने के लिए लॉक वाली बेल्ट नुमा तार) से पीछे तरफ हाथ बांध दिए। सभी को रिशेप्सन काउंटर के पास बैठा दिया।
बेखौफ बदमाशों ने वहां इत्मिनान से 25 मिनट तक लूटपाट की फिर भरे बाजार दो बाइक पर सवार होकर भाग निकले। बदमाशों की इस हिमाकत से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना के बाद नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश पुलिस की पहुंच से बहुत दूर निकल गए। बदमाशों को गिरफ्तार कर के लिए एसएसपी ने चार टीमों का गठन किया है।

