मुख्यमंत्री ने राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड की मजबूत नींव रखी। प्रदेश की महान जनता के आशीर्वाद, सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष लगाव और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि 2024 तक राज्य को टीबी मुक्त और 2025 तक ड्रग फ्री बनाने के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन के युग में अगले पांच साल में उत्तराखंड की आर्थिक विकास दर (जीडीपी) दोगुनी करने में हम सफल होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन के युग में उत्तराखंड को मिलने वाली केंद्रीय सहायता दोगुनी हो गई। 2012 से 2017 के बीच वार्षिक अनुदान 5615 करोड़ रुपये की तुलना में 2017 से 2022 के डबल इंजन युग में बढ़कर दोगुना यानी 11168 करोड़ हो गया। प्रदेश में रेल, सड़क, हवाई यात्रा सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।उन्होंने कहा, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। हमने 2025 तक 1.25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। राज्य की महिलाओं को सरकारी नौकरी में क्षैतिज आरक्षण के लिए विधेयक लागू किया जा चुका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में हमनें प्रभावी कदम उठाए हैं। समान नागरिक सहिंता सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मूलमंत्र की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

