मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रेसकोर्स गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने सिख समुदाय को गुरु पर्व की बधाई दी। इस दौरान वह गुरुवाणी कथा कीर्तन का हिस्सा बने।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक है। भीड़ के चलते गुरुद्वारा कमेटी प्रबंधन ने मुख्यमंत्री का पिछले द्वार से स्वागत किया। वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
