राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखंड प्रांत प्रचारक डा. शैलेंद्र ने कहा कि पहाड़ों में अनियोजित निर्माण और पलायन उत्तराखंड के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यावरण को ध्यान में रखकर विकास की योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने तीर्थाटन और पर्यटन को अलग-अलग पहचान देने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि दो मंजिला निर्माण के अनुकूल क्षेत्रों में सात-आठ मंजिला इमारतें खड़ी होना गंभीर चिंता का विषय है। विकास के नाम पर प्रकृति और पारंपरिक निर्माण शैली की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी और रुद्रपुर जैसे शहरों में आबादी बढ़ रही है, जबकि पहाड़ के गांव खाली हो रहे हैं। मंगलवार को विश्व संवाद केंद्र और विद्योत्तमा विचार मंच की ओर से तिलक रोड स्थित आरएसएस के प्रांत कार्यालय में आयोजित समारोह में डा. शैलेंद्र ने हिमालय हुंकार पाक्षिक पत्रिका के दीपावली विशेषांक ‘उत्तराखंड और विकसित भारत’ का विमोचन किया।
