मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के नई दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इगास को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं से जुड़ा पर्व बताते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में सांसद बलूनी के आवास पर इगास-बग्वाल पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और उन्हें सपरिवार पर्व की बधाई देते हुए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं का प्रतीक है। यह पर्व पूर्वजों से मिली परंपराओं को सहेजने के साथ ही अपनी जड़ों और मिट्टी से जुड़े रहने का संदेश देता है।
