Computer hacker sitting in front of laptop late at night and using phone
उत्तराखंड में स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाकर प्रतिवर्ष 20 हजार युवाओं के स्टार्टअप को मान्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शिक्षा और उद्योग विभाग मिलकर तैयारी कर रहे हैं। इसी दिशा में साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क्स आफ इंडिया (एसटीपीआइ) ने देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित आइटी पार्क में नई इन्क्यूबेशन फैसिलिटी शुरू की है। इससे प्रदेश के युवाओं को तकनीक आधारित उद्यम स्थापित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। इनमें इंटरनेट आफ थिंग्स (आइओटी), ब्लाकचेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन, रोबोटिक्स, आगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी, एनीमेशन एवं विजुअल इफेक्ट्स, डेटा साइंस एवं एनालिटिक्स, गेमिंग, फिनटेक और एग्रीटेक प्रमुख हैं।भारत सरकार के इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत एसटीपीआइ ने आइटी पार्क में करीब 30 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में फैली चार मंजिला इन्क्यूबेशन फैसिलिटी स्थापित की है यहां आइटी और आइटीईएस कंपनियों, स्टार्टअप्स तथा तकनीक आधारित उद्यमों को आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। इस सुविधा के माध्यम से युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को उत्पाद और सफल उद्यम में बदलने में सहायता मिलेगी। साथ ही तकनीकी विकास, उद्यमिता और रोजगार सृजन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
