राष्ट्रपति के आगामी एक और दो नवंबर को उत्तराखंड के प्रस्तावित भ्रमण के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
