क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर चौक पर रविवार शाम ट्रक और बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और आठ वर्षीय बेटा घायल हो गए। तीनों बाइक पर सवार थे।पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:20 बजे 112 के माध्यम से सुभाष नगर चौक पर ट्रक और बाइक की टक्कर की सूचना मिली। इस पर क्लेमेंटटाउन थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को निजी वाहन से इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मंजू (32) पत्नी सरबजीत निवासी बड़ोवाला, थाना बुग्गावाला, हरिद्वार की मौत हो गई। हादसे में उनके पति सरबजीत (35) और आठ वर्षीय बेटे जसकरण को मामूली चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
