मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के चार पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
