स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मरीजों की स्क्रीनिंग बढ़ाने के साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय किया गया है। किसी क्षेत्र में संक्रमित मरीज मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर उसके संपर्क में आए लोगों की जांच कर रही है।बुधवार को 25 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में इस साल सामने आए कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 383 हो गई है। इनमें 67 मरीज अभी उपचाराधीन हैं। अलग-अलग अस्पतालों में इनका इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा 258 मरीज देहरादून जिले में मिले हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रयास है कि संक्रमण बड़े स्तर पर न फैले और स्थिति आउटब्रेक में तब्दील न हो।बुधवार को पांच नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 145 हो गई है। इनमें 17 मरीज अभी सक्रिय हैं और विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। बुधवार को मिले सभी पांच मरीज देहरादून के रहने वाले हैं।
