देहरादून-मसूरी मार्ग पर सुबह पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
