प्रदेश में बिना मान्यता चल रहे मदरसों के खिलाफ राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण और प्रशासन की ओर से अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार को देहरादून में एक और हल्द्वानी में दो मदरसे सील किए गए, जबकि तीन बंद कराए गए। पिछले कुछ दिनों में राज्य में अब तक 17 मदरसे सील किए जा चुके हैं। प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ.सुरजीत सिंह गांधी के मुताबिक अभियान आगे भी जारी रहेगा। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मुताबिक राज्य सरकार ने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी संबंधित संस्थान निर्धारित मानकों को पूरा कर शिक्षा विभाग से आवश्यक मान्यता प्राप्त नहीं कर लेते। प्राधिकरण के अध्यक्ष के मुताबिक देहरादून जिले में तीन मदरसों के संबंध में कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान मदरसा जामिया-तुस-सलाम अल-इस्लामिया, आजाद कॉलोनी, सी-15, मस्जिद के पास को सील कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस मदरसे के पास निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक मान्यता नहीं थी।
