मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत हरिद्वार जा रही यात्री बस भद्रकाली के समीप ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें चिकित्सालय पहुंचाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीर्थयात्रियों को लेकर खारास्रोत पार्किंग से हरिद्वार जा रही बस भद्रकाली से आगे ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण पलट गई। वहीं सड़क किनारे बैठे दो चचेरे भाई बस की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बस सवार 13 यात्री घायल हो गए। बस में बिहार के समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा और उससे सटे जनपदों के लोग तथा उत्तर प्रदेश के बिहार से सटे जिलों के लोग हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने के लिए आए थे। राजस्थान नंबर वाली बस से बृहस्पतिवार की रात करीब 9:30 बजे दिल्ली से चले थे। शुक्रवार सुबह बस ऋषिकेश पहुंची थी।
