मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित दो कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर प्रदेश की मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति से मिलने वाला स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा यही उन्हें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा के लिए प्रेरित करता है।जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताया।
