अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआइ जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून ने जांच में अब तक सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को जनता के सामने रखने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि अंकिता केवल उत्तराखंड की बेटी नहीं, बल्कि प्रदेश के हर परिवार की बेटी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि सीबीआइ जांच की वर्तमान स्थिति क्या है और अब तक जांच में कौन-कौन से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। उनका कहना था कि सरकार और जांच एजेंसी को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जनता को अंधेरे में रखकर न्याय की प्रक्रिया को लंबा नहीं खींचा जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाना सरकार की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है और मामले में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।
