उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जगह-जगह भूस्खलन के कारण प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों समेत दर्जनों संपर्क मार्ग बंद हो चुके हैं, जिससे कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालयों और चीन सीमा से संपर्क टूट गया है।ऋषिकेश-बदरीनाथ एनएच पर कौड़ियाला और व्यासी के बीच पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जबकि एनएच प्रशासन की मशीनें अभी तक मौके पर नहीं पहुंची हैं।नैनीताल जिले में रात से लगातार हो रही बारिश से एक दर्जन से अधिक सड़कें बंद हो चुकी हैं। नैनीताल झील का जलस्तर बढ़कर 87 फीट के पार पहुंच गया है। धारचूला, बंगापानी और डीडीहाट तहसील के कई क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। जिले भर में 25 मोटर मार्ग बंद हैं और मुनस्यारी में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
