मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से लेकर विश्वविद्यालयों की सेमेस्टर परीक्षाओं तक नकल, प्रश्नपत्र लीक या परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू सख्त नकलरोधी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि अब तक विभिन्न मामलों में 100 से अधिक नकल माफिया और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता मेहनती, ईमानदार और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार से युवाओं के सपनों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्क रहने के निर्देश भी दिए।
