मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आज भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ओर से देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से इन सातों जिलों में प्रशासन को तत्काल एहतियाती कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे पूरे उत्तराखंड में खास सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में और नदी-नालों के किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सात जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा बाकी जनपदों में भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।भारी बारिश के अलर्ट के चलते आज प्रदेश के कई जिलों में 12वीं तक के सभी तरह के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल जिले में जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। सड़कों पर मलबा आने से कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 115 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से बंद है।
