जाैलीग्रांट एयरपोर्ट और ऋषिकेश के बीच यातायात को सुगम बनाने के लिए भानियावाला-जाैलीग्रांट-ऋषिकेश (एनएच-07) फोर-सिक्स लेन परियोजना को पर्यावरणीय संतुलन के साथ विकसित किया जा रहा है। करीब 20 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 743 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एनएचएआई ने परियोजना के डिजाइन में बदलाव कर राइट आफ वे को 23 मीटर कर दिया है, जिससे पेड़ों की कटाई कम होगी। फारेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) के वैज्ञानिक आकलन के आधार पर 754 पेड़ों को प्रतिरोपण के लिए चिह्नित किया गया है। इनका प्रतिरोपण आगामी मानसून में किया जाएगा।परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई कम करने के लिए सामान्य 60 मीटर राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) को घटाकर केवल 23 मीटर कर दिया गया है, जबकि हाथियों सहित अन्य वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पांच विशेष अंडरपास बनाए जाएंगे।
