अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में योग की गंगा बही। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा और मंत्री खजान दास ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग योग के लिए जुटे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग के माध्यम से आज दुनिया में हमारी विशिष्ट पहचान बनी है। योग के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है। योग ने देश व दुनिया को स्वस्थता का भी संदेश दिया है। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर होने के साथ तन, मन व आत्मा का समन्वय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व व प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग ने संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया है। आज विश्व के अधिकतम देशों में करोड़ों लोग, योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। योग अब सीमाओं से परे सशक्त समाज का आधार एवं मानवता के कल्याण का वैश्विक माध्यम बन चुका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने व योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। राज्य सरकार, उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
