मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी हुई है। रोजगारोन्मुखी योजनाओं और निवेश के प्रति सकारात्मक माहौल के कारण राज्य में रिकॉर्ड निवेश हुआ है। इससे युवाओं के लिए नौकरियों के बेहतर अवसर बने हैं। राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में धामी ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। इसका परिणाम हुआ है कि राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि इसमें से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं से आह्वान किया कि उन्हें देश को 2047 तक विकसित बनाने की मुहिम में शामिल होना चाहिए और अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जा सकता है। कहा कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिले तो भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो सकता है।राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देकर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।
