बीते दिनों चटक धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही थी, जिससे लोगों की परेशानी दोगुना हो गई थी लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली और बादलों की आवाजाही के बीच बारिश शुरू हो गई। तेज दौर की बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह के समय ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण में ठंडक घुल गई।रात को झमाझम बारिश शुरू हो गई जो देर रात तक जारी रही।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी एक-दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है, जिससे तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री गिरावट के साथ 33.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.7 डिग्री से नीचे 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले यहां का तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में वर्षा के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य के शेष जिलों में भी गर्जन, बिजली चमकने, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
