अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने ट्रांजिट हॉस्टल में मीडिया से वार्ता के दौरान कहा कि चारधाम में गैर हिंदुओं के प्रवेश और व्यापार करने पर रोक लगे। सरकार इसे कड़ाई से लागू करेगी तो धामों की पवित्रता बनी रहेगी। तोगड़िया ने कहा कि परिषद ने स्कूल, कॉलेजों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए देशभर में अभियान शुरू किया है। 14 राज्यों में चलाए गए कैंप पूरे हो चुके हैं। जबकि कुछ राज्यों में यह कैंप चल रहे हैं। परिषद का प्रयास है वीर हिंदू, विजेता हिंदू। इसके अलावा मंगलवार और शनिवार शाम को हर सप्ताह सामूहिक हुनमान चालीसा केंद्र चलाया जाएगा।अब तक 30 हजार केंद्र बन चुके हैं। एक साल के भीतर एक लाख केंद्र बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इन केंद्रों में गरीबों को मुफ्त खाद्यान, बीपी, शुगर की जांच, रोग मुक्त रहने का प्रशिक्षण व कुछ स्थानों पर रोजगार योजनाएं शुरू की जाएंगी। मीडिया से वार्ता के दौरान परिषद के महामंत्री देवेश उपाध्याय, सावित्री चंद, कृपाल नेगी आदि मौजूद रहे।
