ग्राम पंचायत कुड़ियाल के कंडोगल-थानो मार्ग स्थित अवैध जामा मस्जिद को रविवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सील कर दिया। लंबे समय से इस मस्जिद को अवैध बताते हुए विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा कार्रवाई की मांग की जा रही थी। एमडीडीए द्वारा एक जून को सीलिंग कार्रवाई की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इसके मद्देनजर सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी थानो क्षेत्र में एकत्र होने लगे थे। जामा मस्जिद की सीलिंग कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी प्रशासन के प्रति समर्थन जताया। इस दौरान थानो का मुख्य बाजार बंद रहा और कई व्यापारी चौक पर एकत्र रहे। प्रशासन और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।हालांकि, अधिकारियों ने सुबह ही सीलिंग की कार्रवाई पूरी कर ली, जिससे किसी प्रकार की विवादित स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।कार्रवाई के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा और दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोका गया। मौके पर नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह रावत, रानीपोखरी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन डंगवाल सहित एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
