फेमस पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं. अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार की अधिष्ठात्री देवी माया देवी के मंदिर में जाकर विशेष पूजा अर्चना की. नवजोत सिंह सिद्धू के मंदिर में आने पर जूना अखाड़ा के संतों ने उनका स्वागत किया. माया देवी मंदिर में पुजारी ने उनकी विशेष पूजा अर्चना कराई. नवजोत सिंह सिद्धू ने भी साधु संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद अन्य लोग भी नवजोत सिंह सिद्धू को देखकर खुश नजर आए.
भैरव आरती में भाग लिया, साधु संतों ने बताई मंदिर की विशेषताएं: माया देवी मंदिर में पूजा अर्चना के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने मंदिर परिसर में स्थित भैरव मंदिर में भी माथा टेका और शाम को होने वाली भैरव आरती में भी भाग लिया. माया देवी मंदिर पहुंचे पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू को देखते ही मंदिर परिसर में मौजूद यात्रियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने की इच्छा जताई. हालांकि सिद्धू ने ज्यादा बातचीत तो नहीं की, लेकिन मुस्कुराते हुए लोगों से बातचीत की और मंदिर पहुंचे बाहर के यात्रियों के एक दल के साथ फोटो खिंचवाई. यात्रियों के दल में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. सिद्धू ज्यादा देर तक मंदिर परिसर में नहीं रहे, लेकिन जब उन्होंने पूजा अर्चना की तक तक मंदिर में मौजूद, लोगों की भीड़ उनके आसपास जुटी रही. सिद्धू को करीब से देखकर कई श्रद्धालु उत्साहित नजर आए.
