Rainy weather
राजधानी दून में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। देर रात शुरू हुई बारिश कई इलाकों में में जारी रही।बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।गुरुवार दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोग रात में मौसम बदलते ही राहत महसूस करने लगे।करीब देर रात अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं, जिससे पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। तेज आंधी के कारण बिजली गुल होने के चलते ऊर्जा निगम की टीमें रात में ही फ़ाल्ट खोजने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट गई थीं।
