प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के दृष्टिगत ईंधन बचत को बढ़ावा देने को भाजपा शासित उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार बड़ी पहल करने जा रही है। प्रदेशभर में इलेक्ट्रिकल व्हीकल को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित किया जाएगा।इस संबंध में नीति की घोषणा शीघ्र होगी। साथ में सरकारी तंत्र में ईंधन बचत के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। सरकारी विद्यालयों में आनलाइन कक्षाओं के साथ ही सरकारी कार्यालयों में वर्क फ्राम होम को लेकर मंथन किया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इसमें रुचि ले रहे हैं। उनके निर्देशों के दृष्टिगत शासन स्तर पर इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की कवायद प्रारंभ हो चुकी है।पेट्रोलियम पदार्थों की खपत को नियंत्रित करने के उपायों पर गहन मंथन के साथ इलेक्ट्रिकल व्हीकल को व्यापक प्रोत्साहन देने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार ईवी नीति में कर छूट के साथ सब्सिडी, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए प्रोत्साहन को कदम उठाए जाएंगे। साथ में स्थानीय स्तर पर उत्पादन के लिए इको सिस्टम को भी निर्मित किया जाएगा।घर और कार्यालयों में चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो, इसे ध्यान में रखकर व्यवस्था बनाई जाएगी।
