भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली में आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश और गर्जना के बीच गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियां मर गई। जबकि कई अन्य पशु अब भी लापता बताए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे गांव के ऊपरी क्षेत्र में पशु चर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मौके पर ही मर गईं। पशुपालकों को इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कई पशु जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर भाग गए, जिनकी तलाश जारी है।इस हादसे में दो महिलाएं भी झुलस गईं। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया। घायलों में एक 7 माह की गर्भवती महिला भी शामिल है। राहत की बात यह रही कि दोनों महिलाओं की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
