शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए दून को महानगरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। देहरादून की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब बड़े बदलाव की तैयारी में हैं।देहरादून, विकासनगर व ऋषिकेश में जो ट्रैफिक थाने खुलेंगे वहीं से क्षेत्र के यातायात का संचालन होगा। चालान से लेकर समन तक की कार्रवाई भी इन्हीं ट्रैफिक थानों से होगी। ट्रैफिक थानों में तैनात होने वाले स्टाफ के लिए एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भी भेज दिया है।शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इन सिग्नलों को सेंसर और कैमरों से जोड़ा जाएगा, जिससे वाहनों की संख्या के अनुसार सिग्नल अपने आप नियंत्रित हो सकेंगे। इससे अनावश्यक इंतजार कम होगा और यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल यातायात सुधार करने में जुटे हुए हैं। वह पुलिस अधिकारियों के साथ कई बार शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का दौरा भी कर चुके हैं।ट्रैफिक थानों के लिए एसएसपी की ओर से पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। एक ट्रैफिक थाने में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर के अलावा कार्यालय की कार्रवाई के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा यातायात व सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) को छह थानों में बांटा जाएगा।

