प्रदेश सरकार ने पर्यटन व्यवसायियों को व्यायवसायिक गैस सिलिंडर आपूर्ति करने के लिए मानक प्रचालन कार्यविधि (एसओपी) जारी कर दी है।खाद्य-नागरिक आपूर्ति विभाग ने विभिन्न पर्यटन व उद्योग श्रेणियों को जरूरत की 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस आपूर्ति करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में प्रतिदिन 2650 व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा।इसका सबसे बड़ा हिस्सा (37 प्रतिशत ) रेस्टोरेंट व ढाबा संचालकों को गैस आपूर्ति के रूप में दिया जाएगा। अन्य व्यावसायिक संस्थानों के लिए अलग आवंटन प्रतिशत तय किया गया है।सचिव आनंद स्वरूप की ओर से जारी एसओपी में कहा गया कि पर्यटन गतिविधियों व चारधाम यात्रा के कारण राज्य में होटल-रेस्टोरेंट सहित पर्यटन से जुड़े व्यवसायों में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग बढ़ जाती है।कई बार आपूर्ति बाधित होने से पर्यटन व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी के चलते पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में यह एसओपी तैयार की गई है।यह निर्णय लिया गया कि व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का वितरण विभिन्न क्षेत्रों की प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।

