बदरीनाथ, केदारनाथ धाम में अब गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक होगी। मंगलवार को हुई बदरी केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में आगामी यात्रा सीजन के मद्देनजर 121.07 करोड़ का बजट पारित किया गया।बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में देहरादून स्थित कैनाल रोड कार्यालय भवन के समीप बैठक हुई। बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को दृष्टिगत 121.07 करोड़ से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया। बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट बैठक में बदरीनाथ धाम के लिए 57.47 करोड़ रुपये और केदार धाम के लिए 63.60 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान किया गया। बजट में प्रस्तावित आय के सापेक्ष 99.45 करोड़ का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब बदरीनाथ पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं। बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कपरवाण, सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डा. विनीत पोस्ती, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल,महेंद्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजपाल जड़धारी, राजकुमार तिवारी, रजनीश भट्ट, वित्त अधिकारी मनीष उप्रेती, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी आदि मौजूद रहे।

