राज्य सरकार ने बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुदृढ़ और आधुनिक बनाने पर खास ध्यान दिया है।सरकार का फोकस एक ओर जहां दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने पर है, वहीं दूसरी ओर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, गंभीर बीमारियों के इलाज और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रविधान किए गए हैं।इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के लिए राजस्व मद में लगभग 4252.50 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद में लगभग 195.46 करोड़ रुपये का बजटीय प्रविधान किया गया है।प्रसूताओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने और सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित ‘ईजा बोई शगुन’ योजना के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में लगभग 14 करोड़ 13 लाख रुपये का प्रविधान किया गया है।इसके साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण व उन्नयन, अटल आयुष्मान योजना के बजट में वृद्धि और सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं को भी मजबूती देने की तैयारी की गई है।

