इंडिया एआइ इंपेक्ट समिट के दौरान हुए कथित हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राष्ट्र की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करार दिया है।उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का कोई भी प्रयास न तो स्वीकार्य है और न ही इसे हल्के में लिया जाएगा।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र विरोधी सोच का प्रतीक बनती जा रही है।जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी, आर्थिक और सामरिक शक्ति को मान रहा है तब कांग्रेस, भ्रम, नकारात्मकता और झूठ का एजेंडा चला रही है।वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे देश की छवि खराब करने की सुनियोजित कोशिश बताया है।मुख्यमंत्री धामी ने इंटरनेट मीडिया में कहा कि जब विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधि और वैश्विक कंपनियों के प्रमुख भारत में एकत्रित होकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे अत्याधुनिक विषय पर मंथन कर रहे हों, उस समय अव्यवस्था फैलाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।व्यापार समझौतों पर झूठ फैलाना, आपरेशन सिंदूर और गलवान के वीर सैनिकों के पराक्रम पर सवाल उठाना, ये केवल बयान नहीं बल्कि देश के मनोबल पर हमला है।उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है और देश विरोध की राजनीति करने वालों को जनता जरूर जवाब देगी।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय नकारात्मकता की राजनीति कर रही है।

