उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होंगी।विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही उड़नदस्तों की ओर से लगातार निगरानी रखी जाएगी।इस वर्ष प्रदेशभर में करीब दो लाख 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेशभर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील और छह अति संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता के साथ कड़ा पहरा रहेगा।

