राज्यपाल की अनुमति के बाद विधानसभा ने भी बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। नौ मार्च से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में सत्र होगा, इसकी शुरूआत राज्यपाल अभिभाषण से होगी।विधानसभा सचिवालय ने भराड़ीसैंण में सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सत्ता पक्ष की ओर से सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की रणनीति बनाई जा रही है। वहीं, विपक्ष भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।अब तक विधायकों से लगभग 520 प्रश्न विधानसभा को प्राप्त हो चुके हैं। सरकार ने बजट सत्र की अवधि नौ से 13 मार्च तय की है।अधिसूचना जारी होने के बाद सत्र को लेकर सरकार व शासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस सत्र में राज्य सरकार वर्ष 2026-27 का बजट समेत कई महत्वपूर्ण विधायी और वित्तीय कार्य प्रस्तुत कर सकती है। सत्र में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की संभावना है।सत्र को देखते हुए गैरसैंण में भी प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां सुरक्षा, आवास और अन्य व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि सत्र सुचारु रूप से संचालित हो सके।

