प्रदेश में बढ़े अपराधों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार शाम कानून के लिए पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव कर दिया। देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को हटा दिया गया। उनकी जगह अब हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को दून की कमान सौंपी गई है। अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया। वहीं, एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया है, उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा है। वह वर्तमान में चंपावत के एसपी थे, उनकी जगह पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को चंपावत भेजा है। 20 आईपीएस को इधर से उधर कर दिया गया है, इनमें आठ जिलों के कप्तान भी शामिल हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में कानून-व्यवस्था की बैठक ली। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक मजबूत हो और अपराधियों के लिए कोई स्थान न बचे अपराध की रोकथाम के लिए केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई ही नहीं बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति भी मजबूत की जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया है।

