अर्जुन हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दून पुलिस ने मृतक की मां बीना शर्मा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात की साजिश करीब 25 दिन पहले से रची जा रही थी। मां बीना शर्मा उसके साथी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना ने मिलकर जनवरी में ही अर्जुन की हत्या की साजिश रच ली थी। इसके बाद भाड़े के शूटरों की तलाश शुरू हुई थी जो विनोद उनियाल के ड्राइवर पंकज पर आकर रुकी।विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है कि घटना से पूर्व और घटना के बाद आरोपी पंकज राणा ने विनोद उनियाल से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया था।पुलिस जांच में पता चला है कि अर्जुन की मां बीना ने उसकी रेकी की थी। उसने अमरदीप गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की दिनचर्या, उसके आने-जाने के समय और ठिकानों की जानकारी जुटाई थी। दरअसल, अपनी मां से हुए विवाद के चलते अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इंदिरा नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। घटना को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर जनपद देहरादून में सभी थाना क्षेत्र में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से देहात तक लगातार नाकेबंदी व सघन चेकिंग कर चलाया गया।गुरुवार तड़के नाकेबंदी व चेकिंग के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र में लाडपुर के जंगल में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। बदमाश के पैर पर गोली लगी जिसे उपचार के लिए कॉरपोरेशन चिकित्सालय ले जाया गया। वहीं दूसरे बदमाश के साथ पुलिस की लालतप्पड़ क्षेत्र में मुठभेड़ हुई। गिरफ्तार हुए बदमाश -पंकज राणा निवासी इंदिरा कालोनी, चुक्खूवाला,राजीव उर्फ राजू निवासी इंदिरा कालोनी, चुक्खूवाला,बीना शर्मा निवासी वसंत विहार,विनोद उनियाल निवासी इंदर रोड, डालनवाला ,डा. अजय खन्ना निवासी ईसी रोड, डालनवाला

