चमोली में देर रात टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना के अंदर दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर 444 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना बन रही है। सुरंग के अंदर काम चल रहा था। टनल बोरिंग मशीन के जरिये खुदाई भी की जा रही थी। सुरंग के अंदर काम को तेज गति से करने के लिए भारी भरकम मशीनें लगी थीं। इस हादसे में करीब 60 लोग घायल हुए हैं। जलविद्युत परियोजना की 13 किलोमीटर लंबी सुरंग में 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर काम कर रहे थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है।हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

