उत्तराखंड में लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है कि नये साल की शुरुआत से पहले मौसम करवट ले सकता है।मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों के साथ ही नैनीताल, चंपावत, और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के चलते सुबह और रात के समय दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके तहत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।बर्फबारी विशेष रूप से 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

