कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के पदभार ग्रहण समारोह से पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंक दिया है। समारोह में कार्यकर्ताओं का जोश देख पार्टी के बड़े नेता उत्साहित नजर आए। जो पूरे समारोह में चुनाव तैयारी के साथ ही एकजुटता पर जोर देते रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रीतम सिंह को पार्टी के लिए अर्जुन बताया तो नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भीम बताते हुए कहा कि आज संविधान, गांधी, नेहरू, अंबेडकर का सिद्धांत खतरे में है। प्रीतम को गांडीव और यशपाल आर्य, सामाजिक न्याय की गदा लेकर प्रहार करेंगे तभी भाजपा 2027 में परास्त होगी।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी के सभी बड़े नेता एकजुट हैं, उनमें कोई झगड़ा नहीं है। नीचे स्तर पर कुछ लोग अधिक उत्साहित होते हैं, जो गुटबाजी के झूठे दावे करते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाना चाहिए।

